रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है। स्टेशन के दक्षिणी छोर यानी साउथ गेट की ओर निर्माण कार्य जोरों पर है। यात्रियों की सुविधा, सहूलियत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन कई आधुनिक बदलाव कर रहा है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
साउथ गेट की ओर एक अत्याधुनिक प्री-पेड लॉज शुरू करने की तैयारी की जा रही है, जिसमें एक साथ करीब 100 यात्री ठहर सकेंगे। इससे ट्रेन के इंतजार या थोड़ी देर ठहरने के लिए आने वाले यात्रियों को अब महंगे होटलों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा स्टेशन परिसर में सेकेंड डॉरमेट्री के निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है, जिससे कम बजट में रात बिताने वाले और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
रांची रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार को आधुनिक तकनीक से विकसित किया जा रहा है। मुख्य गेट को पूरी तरह से सेंसर आधारित बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों का प्रवेश और निकास अधिक सुगम और व्यवस्थित होगा। सेंसर व्यवस्था से स्टेशन परिसर में अनियंत्रित भीड़ को रोकने और सुरक्षा जांच में काफी मदद मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद रांची रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और वर्ल्ड-क्लास अनुभव प्राप्त होगा।


