मनेन्द्रगढ़। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। नागपुर चौकी पुलिस ने नेशनल हाईवे-43 पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलोग्राम (919 किलो) अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 4 करोड़ 59 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं सहित कुल 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नाकेबंदी तोड़कर भागे, पुलिस ने पीछा कर लाई गांव के पास दबोचा
पुलिस के मुताबिक, गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा से लोड होकर मध्य प्रदेश के कटनी की ओर जा रही थी। तड़के करीब 4 बजे चरचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों चालक बैरिकेड्स को चकमा देकर तेज रफ्तार में भाग निकले। तत्काल इसकी सूचना हाईवे पर आगे नागपुर पुलिस को दी गई। नागपुर चौकी के पास भी जब चालकों ने वाहन नहीं रोके, तो पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा शुरू किया। आखिरकार मनेन्द्रगढ़ मार्ग पर लाई गांव के पास पुलिस ने वाहनों को ओवरटेक कर घेर लिया और सभी आरोपियों को पकड़ लिया। 

घरेलू सामान की आड़ में रची थी तस्करी की साजिश
वाहनों की तलाशी लेने पर पहली नजर में पुलिस को कंबल, चटाई, साड़ियां और अन्य घरेलू उपयोग का सामान दिखाई दिया, ताकि जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके। जब पुलिस ने सामान को हटाकर गहराई से जांच की, तो नीचे विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चैंबरों में गांजे के भारी पैकेट छिपाकर रखे मिले। तौल कराने पर कुल 919 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
ओडिशा और मध्य प्रदेश के 6 आरोपी गिरफ्तार, सिंडिकेट की जांच जारी
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान अनिल टोप्पो (26), राजित इंदवार (20), विनय टेटे (33), अरूप मिर्धा (22), सुनीता (25) और अलबेरनी (28) के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपियों के तार ओडिशा और मध्य प्रदेश से जुड़े हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि ओडिशा में यह माल किस बड़े सप्लायर से लिया गया था और कटनी में इसे किस रिसीवर तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस बड़े नेटवर्क की फंडिंग करने वाले मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है।
चार जिलों की सीमा पार कर पहुंची खेप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ओडिशा से निकली यह भारी खेप कई जिलों की सीमाओं और चेकपोस्टों को पार करते हुए एमसीबी जिले तक पहुंच गई। हालांकि पुलिस की सक्रियता से यह खेप कटनी पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद एनएच-43 पर मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए स्थापित अंतरराज्यीय जांच चौकियों और निगरानी तंत्र पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

