दुर्ग। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुणवत्ता जांच के बाद ‘लोट्टे चोको पाई’ (Lotte Choco Pie) के एक विशेष बैच को असुरक्षित (Unsafe) घोषित कर दिया है। जनस्वास्थ्य के लिए संभावित खतरे को देखते हुए दुर्ग जिले में इस बैच के उत्पाद की बिक्री, भंडारण और वितरण पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रयोगशाला परीक्षण में इस उत्पाद में तय मानकों से अधिक परिरक्षक (Preservatives) पाए गए हैं।
भोपाल लैब की जांच में हुआ खुलासा
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, दुर्ग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने ‘लोट्टे’ ब्रांड के 672 ग्राम पैक वाले चोको पाई का नमूना जांच के लिए भोपाल स्थित अधिकृत खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला ‘कैली लैब प्राइवेट लिमिटेड’ भेजा था। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट (क्रमांक: आर-0565/2026, दिनांक 21 जुलाई 2026) के अनुसार, उत्पाद में निर्धारित मात्रा से अधिक रासायनिक परिरक्षक (प्रिजर्वेटिव) की उपस्थिति प्रमाणित हुई।
असुरक्षित घोषित बैच का विवरण:
- उत्पाद का नाम: लोट्टे चोको पाई (672 ग्राम पैक)
- ब्रांड: लोट्टे (Lotte)
- बैच क्रमांक: NM10DC2
- निर्माण तिथि (Mfg Date): 10 अप्रैल 2026
- समाप्ति तिथि (Exp Date): 9 अप्रैल 2027
तुरंत बिक्री और उपभोग रोकने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत इस उत्पाद को ‘असुरक्षित’ श्रेणी में रखते हुए विभाग ने सभी व्यापारियों व दुकानदारों को उक्त बैच के स्टॉक का विक्रय या वितरण न करने की सख्त हिदायत दी है। इसके साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस बैच वाले उत्पाद का उपभोग न करें।

