भोपाल: मध्य प्रदेश में लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति की राह देख रहे स्कूल शिक्षा विभाग के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कड़े रुख और संवेदनशीलता के बाद विभाग ने रिकॉर्ड गति से कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, करीब 30 और नियुक्ति आदेश अगले दो दिनों में जारी कर दिए जाएंगे।
सीएम की समीक्षा के बाद एक्शन मोड में आया विभाग
स्कूल शिक्षा विभाग में काफी समय से 859 अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण लंबित पड़े हुए थे। मामला संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन लंबित फाइलों की पूरी जानकारी तलब की। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही विभाग पूरी तरह सक्रिय हुआ और वर्षों से अटके मामलों का युद्धस्तर पर निपटारा शुरू किया गया।
आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह ने त्वरित कार्रवाई के लिए प्रदेशभर के सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को तुरंत भोपाल तलब किया। मंत्रालय और संचालनालय में देर रात तक अधिकारियों की मौजूदगी में दस्तावेजों और पात्रता का सघन परीक्षण कराया गया, जिसके बाद 600 आश्रितों के विधिवत नियुक्ति पत्र जारी किए गए।
बाकी बचे मामलों में भी संवेदनशीलता से विचार: स्कूल शिक्षा मंत्री
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि लंबे समय से अटके इन संवेदनशील मामलों के त्वरित निराकरण के लिए यह विशेष पहल की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पात्र आश्रितों को तुरंत राहत पहुंचाई गई है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि 600 आदेश जारी होने के बाद लगभग 30 अन्य प्रकरणों के आदेश भी अगले दो दिनों में जारी कर दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शेष बचे मामलों में तकनीकी व नियमों से जुड़ी पेचीदगियों को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण और आवश्यक विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, ताकि किसी भी पात्र परिवार को वंचित न रहना पड़े।
आश्रित परिवारों को मिला आर्थिक व सामाजिक संबल
विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से वर्षों से दफ्तरों के चक्कर काट रहे दिवंगत शिक्षकों और कर्मचारियों के परिजनों को बड़ा सहारा मिला है। परिजनों ने शासन के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद अब उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक आजीविका का साधन मिल सका है।


