रायपुर: सड़क हादसे के बाद करीब दो महीने तक नई दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ ले रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के छत्तीसगढ़ प्रदेशाध्यक्ष किरण देव बुधवार, 23 सितंबर को राज्य लौट रहे हैं। वे शाम 5:55 बजे नियमित विमान से दिल्ली से रवाना होंगे और रात लगभग 8:00 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल (माना) पहुंचेंगे। प्रदेशाध्यक्ष की वापसी को लेकर भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर विशेष तैयारियां की गई हैं।
हादसे में हुए थे घायल, मेदांता में हुआ था सफल ऑपरेशन
गौरतलब है कि किरण देव 29 जुलाई को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें झांसी स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। मेदांता में 3 अगस्त को उनके हिप हेयर फ्रैक्चर का सफल ऑपरेशन हुआ। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
फिजियोथेरेपी सेशन पूरा, डॉक्टरों ने दी यात्रा की अनुमति
किरण देव के 17 सितंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर रायपुर लौटने की संभावना थी, लेकिन चिकित्सकों ने पूरी तरह रिकवर होने तक आराम करने की सलाह दी थी। उनके स्टाफ के अनुसार, अब उनका फिजियोथेरेपी सेशन पूरा हो चुका है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। डॉक्टरों द्वारा यात्रा की अनुमति मिलने के बाद मंगलवार को उनका आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी किया गया।
जगदलपुर से रायपुर पहुंचेंगे समर्थक और कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के आगमन को देखते हुए रायपुर विमानतल पर भव्य स्वागत की रूपरेखा बनाई गई है। उनके गृह और विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर (बस्तर) सहित प्रदेश भर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थक उनका स्वागत करने के लिए रायपुर पहुंच रहे हैं। उनके लौटने से प्रदेश भाजपा संगठन के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में नई गति आने की उम्मीद है।

