नई दिल्ली, 31 जुलाई 2025 — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 10 अगस्त से 14 अगस्त तक देशभर में राष्ट्रव्यापी तिरंगा यात्रा निकालेगी। इस यात्रा का उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को जन-जन तक पहुंचाना, राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें सम्मान देना है।

पार्टी यह यात्रा देश के सभी मंडलों में आयोजित करेगी, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता आम जनता से संवाद करेंगे और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर संसद में हुई विशेष चर्चा के अंशों को साझा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के भाषणों को जनता तक पहुंचाकर भाजपा अपने राष्ट्रवादी संदेश को और सशक्त बनाना चाहती है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह भाजपा की दूसरी तिरंगा यात्रा है। इससे पहले मई महीने में पार्टी ने 13 से 23 मई तक इसी प्रकार की यात्रा का आयोजन किया था। इसके अतिरिक्त 13 से 15 अगस्त के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया है।

यात्रा के दौरान देशभर में युद्ध नायकों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता सीमावर्ती चौकियों पर जाकर सैनिकों से मिलेंगे और उनका मनोबल बढ़ाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम और युद्ध स्मारकों से जुड़े स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

14 अगस्त को भाजपा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएगी। इस दिन देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में मौन जुलूस निकाले जाएंगे और श्रद्धांजलि दी जाएगी।

यात्रा की सफलता के लिए भाजपा ने सांगठनिक तैयारी भी शुरू कर दी है। पार्टी महासचिव सुनील बंसल को इस अभियान का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। हर राज्य में एक संयोजक और तीन सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा, जो आगामी एक सप्ताह के भीतर तैयार कर ली जाएगी।

राजनीतिक दृष्टिकोण से इस यात्रा को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की बड़ी रणनीतिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी इसे राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों के साथ जोड़कर जनमानस तक पहुंचाने की तैयारी में है।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version