जशपुर /कुनकुरी :- भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के तहत रविवार को कुनकुरी में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राष्ट्रवाद, संगठन विस्तार, सेवा और सुशासन जैसे विषयों पर मंथन किया गया। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।
मुख्य अतिथि सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, समाज के हर वर्ग से सतत संवाद बनाए रखने तथा सेवा कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से शुरू होती है और मजबूत बूथ ही संगठन को अजेय बनाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्षभर समाज के बीच रहकर सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार के कार्यों में सक्रिय रहने की अपील की।
जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राष्ट्रवादी विचारधारा के बल पर भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों पर चलते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने किया। सम्मेलन में माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

