रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता की शिकायतों के त्वरित और सीधे समाधान के लिए जल्द ही ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076’ की शुरुआत होने जा रही है। इसे लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को रायपुर कलेक्टोरेट के रेडक्रास सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों को शिकायतों के पंजीयन और समय-सीमा में उनके निराकरण की पूरी प्रक्रिया बारीकी से समझाई गई।
मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत ने इस संबंध में कहा कि इस हेल्पलाइन के शुरू होने के बाद प्रदेश के लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल जाएगी।
घर बैठे फोन, वेबसाइट और व्हाट्सएप से दर्ज होगी शिकायत
नई व्यवस्था के तहत अब ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोग भी फोन, आधिकारिक वेबसाइट और व्हाट्सएप के माध्यम से सीधे शासन तक अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे। पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रदेशभर में करीब 1,200 प्रकार की शिकायतों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य के करीब 8,000 अधिकारियों की मैपिंग की जा चुकी है।
निराकरण के लिए बनाई गई 4 स्तरीय (L1 से L4) व्यवस्था
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि आम जनता से मिलने वाली शिकायतें सीधे संबंधित विभाग के जवाबदेह अधिकारी तक डिजिटल रूप से पहुंचेंगी, जिन्हें एक तय समय-सीमा के भीतर उसका समाधान करना होगा। शिकायतों के स्तर और उनकी संवेदनशीलता को देखते हुए समाधान के लिए एल-वन (L-1) से लेकर एल-फोर (L-4) तक चार स्तर की मजबूत व्यवस्था तैयार की गई है।
रायपुर जिला कलेक्टर काल सेंटर के नंबर भी जारी
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि जिले में पहले से संचालित ‘कलेक्टर काल सेंटर’ के माध्यम से भी लोगों की समस्याओं का लगातार निवारण किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष नंबर भी साझा किए:
कलेक्टर काल सेंटर नंबर: 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594
प्रशिक्षण में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी
सुशासन एवं अभिसरण विभाग के तकनीकी विशेषज्ञों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को पोर्टल के संचालन, शिकायत दर्ज करने की विधि और अन्य तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। इस महत्वपूर्ण बैठक व प्रशिक्षण कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जिले के तमाम विभागों के उच्च अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

