जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर द्वारा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष श्री यू.डी. मिंज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने देश में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता को बढ़ावा दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गलत आर्थिक नीतियों और कुप्रबंधन के कारण आज रसोई से लेकर इलाज तक हर चीज आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है।
पूर्व विधायक श्री विनय भगत ने कहा कि जहां दुनिया के कई देश अपने नागरिकों को राहत दे रहे हैं, वहीं भारत में लगातार महंगाई बढ़ाई जा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन जैसे देशों ने पेट्रोल व बिजली पर राहत दी है, लेकिन भारत में गैस, पेट्रोल-डीजल और दवाइयों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि
कमर्शियल गैस सिलेंडर में हाल ही में भारी बढ़ोतरी हुई है
घरेलू गैस की कीमतें 900–1000 रुपये तक पहुंच गई हैं
पेट्रोल-डीजल और प्रीमियम ईंधन के दामों में इजाफा हुआ है
900 से अधिक जरूरी दवाइयों के दाम बढ़ाए गए हैं
खाद्य तेल, दूध और रोजमर्रा की वस्तुएं लगातार महंगी हो रही हैं
पूर्व जिलाध्यक्ष श्री मनोज सागर यादव ने कहा कि मोदी सरकार में आम आदमी और गरीब होता जा रहा है, जबकि पूंजीपति और अमीर हो रहे हैं। रोजगार के अवसर घट रहे हैं और सरकारी संपत्तियों का निजीकरण बढ़ रहा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया, तो पार्टी सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी।
पीसीसी सचिव हीरू राम निकुंज ,जिलाध्यक्ष यू.डी. मिंज, पूर्व विधायक विनय भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सागर यादव जिला महामंत्री मनमोहन भगत, जिला सचिव सरवर अली, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष अमित महतो, शहर ब्लॉक अध्यक्ष सतीश गुप्ता, अजय टोप्पो, सहस्त्रांशु पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पत्रकार मौजूद रहे।


