*उमेश कुमार प्रजापति बतौली* सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के बतौली वन परिक्षेत्र अंतर्गत सलयाडीह जंगल में दो जंगली हाथियों का विचरण लगातार जारी है। हाथियों ने पिछले 4 दिनों से जंगल क्षेत्र में डेरा जमा रखा है, जिससे आसपास के गांवों के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दोनों हाथी सलयाडीह जंगल के विभिन्न हिस्सों में घूम रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। विभाग द्वारा गांव-गांव जाकर मुनादी कराई जा रही है तथा लोगों से अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाने की अपील की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा है कि यदि किसी को हाथियों की गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना विभाग को दें। विशेष रूप से जंगल में लकड़ी, महुआ, तेंदूपत्ता या अन्य वन उपज संग्रहण के लिए जाने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के लगातार क्षेत्र में बने रहने से खेतों और फसलों को नुकसान होने की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हाथियों की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक जाने या उन्हें देखने के लिए भीड़ न लगाएं तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

