पाली
पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन नवयुवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार बाइक और किराए की कार के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की इलाज के दौरान जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में कार सवार मां-बेटा और चालक भी चोटिल हुए हैं।
गलत दिशा से आ रही बाइक की कार से सीधी भिड़ंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर से किराए पर ली गई कार (क्रमांक CG-04-QM-7472) से बैकुंठपुर निवासी मां-बेटा अपना इलाज कराकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चैतमा बाजार खरीदारी करने आ रहे बाइक सवार युवकों की कार से सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की गति काफी तेज थी और वह गलत दिशा से आ रही थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह पिचक गया।
मृतकों में शामिल थे 20 से 22 वर्ष के युवा
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत सगुना के निवासी थे। मृतकों की पहचान दीपक कंवर (20 वर्ष), नागेश सिंह पैकरा (21 वर्ष) और भुजबल चौहान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दीपक और नागेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल भुजबल को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहाँ उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गईं।
पुलिस जांच व प्रशासनिक कदम
घटना की सूचना मिलते ही चैतमा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पाली थाना प्रभारी अफसर खान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर चिंता व्यक्त की है।


