जशपुर:
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में देर शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार माता-पिता और उनके बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना में पूरा परिवार एक ही झटके में खत्म हो गया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार सरडीह से बाइक पर सवार होकर अपने गृह ग्राम सामरबार लौट रहा था। जैसे ही वे बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनी चौक के करीब पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। बगीचा थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के रास्तों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार गाड़ी की तलाश शुरू कर दी है।

