कोरबा
छुरी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रशासनिक अनदेखी से नाराज होकर एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अख्तियार कर लिया है। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दर्जनों स्कूली बच्चे पढ़ाई छोड़ सड़क पर उतर आए और छुरी पंचायत भवन के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर बैठ गए। विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया। गौरतलब है कि पिछले एक महीने के भीतर अपनी मांगों को लेकर छात्रों का यह तीसरा बड़ा आंदोलन है।
प्रिंसिपल और हॉस्टल अधीक्षक को हटाने पर अड़े छात्र
आंदोलनरत छात्र-छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय एवं छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर वे लंबे समय से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। पूर्व में एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक का घेराव करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों की मुख्य मांग एकलव्य विद्यालय छुरी के प्रिंसिपल डॉ. अरसद अहमद अली तथा छात्रावास अधीक्षक को तत्काल पद से हटाना है। छात्रों का कहना है कि जब तक जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ा प्रशासनिक एक्शन नहीं लिया जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।
प्रशासनिक अमला मौके पर, जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
स्कूली बच्चों के चक्काजाम की सूचना मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सहायक आयुक्त और थाना प्रभारी सहित अन्य अफसर छात्रों को समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर 1 महीने में तीसरी बार मुख्य मार्ग बाधित होने और बच्चों के बार-बार आंदोलन पर उतरने से स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भी असंतोष है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि लगातार चक्काजाम से जहां आम राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है, वहीं क्षेत्र की छवि भी प्रभावित हो रही है। फिलहाल प्रशासन और छात्रों के बीच वार्ता जारी है।

