रायपुर:
छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। जिन विद्यार्थियों ने अब तक किसी कारणवश कॉलेजों में दाखिला नहीं लिया है, वे अब 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर प्रवेश ले सकते हैं। यह सुविधा राज्य के उन सभी शासकीय और निजी महाविद्यालयों में लागू होगी, जहां सीटें अब भी रिक्त हैं।
पहले 14 अगस्त थी समय-सीमा
विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की अनुमति से पूर्व में प्रवेश के लिए 14 अगस्त तक की तारीख तय की गई थी। इस अवधि के समाप्त होने के बाद भी कई शासकीय व निजी कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई थीं। वहीं, दूर-दराज और ग्रामीण अंचलों के कई छात्र तय समय में औपचारिकताएं पूरी नहीं कर सके थे। विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए शासन ने दाखिले की तारीख बढ़ाने का फैसला लिया।
छात्रहित में लिया गया बड़ा फैसला: उच्च शिक्षा मंत्री
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इस निर्णय को छात्रहित में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि तारीख बढ़ने से वंचित छात्रों का साल खराब होने से बचेगा और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उच्च शिक्षा से जुड़ने का पूरा अवसर मिलेगा।
यह छूट केवल उन शासकीय एवं अशासकीय कॉलेजों के लिए है, जहां सीटें रिक्त हैं। विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक संबंधित कॉलेज में संपर्क कर अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ दाखिला प्रक्रिया पूरी कर लें।


