कटरा //
खराब मौसम और भूस्खलन के कारण लंबे समय तक स्थगित रही विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी यात्रा अब एक बार फिर से बहाल हो गई है। गुरुवार सुबह मौसम में सुधार के बाद यात्रा सुचारू रूप से शुरू कर दी गई। इसके साथ ही पंजीकरण की प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है।
गौरतलब है कि भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से यह यात्रा 22 दिन तक प्रभावित रही थी। बुधवार को इसे बहाल किया गया था, लेकिन शाम को खराब मौसम के चलते इसे फिर रोकना पड़ा। अब गुरुवार से यात्रा सामान्य रूप से जारी है।
श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू कर दी गई है। हेली सेवा का लाभ उठाने के इच्छुक यात्रियों को टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
माता वैष्णो देवी मंदिर के आधार शिविर कटरा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। यात्रा दोबारा शुरू होने से श्रद्धालुओं में अपार उत्साह और खुशी का माहौल है

