रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त छत्तीसगढ़ प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत रविवार को अपने पहले संगठनात्मक प्रवास पर रायपुर पहुंचे। जिम्मेदारी मिलने के बाद राजधानी में उनका पहला दौरा होने के कारण पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और सांसद ज्योत्सना महंत समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने उनकी अगवानी की।
तीन दिन तक चलेगा बैठकों का मैराथन दौर
सुखदेव भगत अपने तीन दिवसीय दौरे में पार्टी के अंदरूनी ढांचे की नब्ज टटोलेंगे। राजीव भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कार्यकारिणी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ सिलसिलेवार बैठकें तय की गई हैं। इन बैठकों में संगठन की वर्तमान सक्रियता, मैदानी कामकाज और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके अतिरिक्त पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक में प्रदेश के प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
विधायक दल के साथ बनेगी सरकार को घेरने की रणनीति
दौरे के अहम हिस्से के रूप में सुखदेव भगत कांग्रेस विधायक दल के साथ बैठक करेंगे। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निवास पर होने वाले इस मंथन में राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरने की रणनीति तय की जाएगी। विधायकों से उनके क्षेत्रों के जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक विसंगतियों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर सीधा संवाद किया जाएगा।
ब्लॉक और जिला स्तर तक सीधा संवाद, गुटबाजी पर कड़ा रुख
नए प्रभारी का मुख्य ध्यान जमीनी कार्यकर्ताओं और ब्लॉक-जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर है। वे जिला अध्यक्षों से सीधे वन-टू-वन चर्चा कर वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेंगे। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य संगठन में अनुशासन बनाए रखना, आंतरिक मतभेदों को दूर करना और आगामी आंदोलनों के लिए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना है।


