IND vs SA वनडे : 3 दिसंबर को नवा रायपुर में रोमांचक मुकाबला, छात्रों के लिए सस्ती टिकट—नई दरें जारी
पटना। बिहार की राजनीति आज एक बार फिर ऐतिहासिक पल की साक्षी बनेगी। नीतीश कुमार आज बृहस्पतिवार को दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। बुधवार को एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद नीतीश ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को इस्तीफा सौंपा और नए सिरे से सरकार गठन का दावा प्रस्तुत किया।
पुराने चेहरों के साथ नई सरकार की रूपरेखा तय
नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली इस नई सरकार में ज्यादातर चेहरे पुराने ही रहने की संभावना है। भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना है। दोनों के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना लगभग तय है। भाजपा अपने मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव के मूड में नहीं दिख रही है।
वहीं लोजपा (राम विलास) के चिराग पासवान, रालोमो के उपेंद्र कुशवाहा और हम के जीतन राम मांझी के कोटे से नए चेहरे कैबिनेट में शामिल किए जा सकते हैं।
गांधी मैदान में भव्य आयोजन, शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद
पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरी तरह तैयार है। यह समारोह एनडीए के लिए शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्रियों, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और प्रमुख नेताओं की उपस्थिति की पुष्टि हो चुकी है। अमित शाह बुधवार रात ही पटना पहुंच गए और नीतीश कुमार के साथ कैबिनेट गठन पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से चयन
जदयू विधायक विजय चौधरी ने नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे भाजपा के सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने समर्थन किया। बाद में एनडीए में शामिल सभी दलों के विधायकों ने भी इसका अनुमोदन किया।
इसके बाद नीतीश कुमार के साथ चिराग पासवान, राजीव रंजन सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, उपेंद्र कुशवाहा और यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई नेता राज्यपाल से मिलने पहुंचे।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने की घोषणा
शपथ ग्रहण से पहले जदयू और भाजपा दोनों दलों ने अलग-अलग बैठकों में अपने नेतृत्व को पुनः अनुमोदित किया। भाजपा की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य और सह-पर्यवेक्षक अर्जुन राम मेघवाल व साध्वी निरंजन ज्योति मौजूद रहे। मौर्य ने घोषणा की कि सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को सर्वसम्मति से नेता व उपनेता चुना गया है।
बिहार में आज बदलेगा सियासी परिदृश्य
एनडीए आज पूरे दमखम के साथ पटना के गांधी मैदान में मंच पर उतरेगा। नीतीश कुमार की 10वीं शपथ के साथ बिहार की राजनीति में एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है।

