देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 के आगे बढ़ने के लिए हालात पूरी तरह अनुकूल हो चुके हैं। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 24 घंटे में मानसून गुजरात, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में दस्तक देगा, जबकि अगले 2-3 दिनों में यह झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है।

छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में आज सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मानसून सक्रिय होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बस्तर क्षेत्र से मानसून की सक्रियता शुरू हो गई है और 18-19 जून तक यह रायपुर समेत मध्य जिलों में पूरी तरह फैल सकता है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39°C राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6°C दुर्ग में दर्ज हुआ। रविवार शाम से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, भिलाई, बिलासपुर, पेंड्रारोड और अंबिकापुर में झमाझम बारिश हुई। बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।

झारखंड में भी ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

झारखंड में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग ने 16 से 19 जून तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान दक्षिण, उत्तर और पूर्वी जिलों में मौसम बेहद सक्रिय रहेगा।

16 जून: दक्षिणी झारखंड में यलो अलर्ट

सोमवार को लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। यलो अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी है।

17 जून: गुमला, सिमडेगा और खूंटी में ऑरेंज अलर्ट

मंगलवार को इन जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी के चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। रांची, लातेहार, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में भी भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में जलजमाव और विद्युत बाधाओं की आशंका जताई गई है।

18 जून: उत्तरी झारखंड में भारी बारिश

बुधवार को कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के तहत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही चतरा, पलामू, देवघर, जामताड़ा और धनबाद जैसे जिलों में यलो अलर्ट लागू किया गया है। नदियों के जलस्तर में वृद्धि और जलभराव की स्थिति संभव है।

19 जून: पूर्वी और उत्तरी जिलों में सक्रिय रहेगा मौसम

गुरुवार को हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा और दुमका में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। लगातार हो रही वर्षा से खरीफ फसलों के लिए अनुकूल स्थिति बन रही है, हालांकि जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन

फिलहाल बंगाल की खाड़ी और झारखंड के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो बारिश की गति को तेज कर रहा है। इसके अलावा, पूर्वी मध्यप्रदेश से बांग्लादेश तक फैली एक ट्रफ रेखा झारखंड और आसपास के राज्यों के मौसम को प्रभावित कर रही है। देश में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है और छत्तीसगढ़ एवं झारखंड में बारिश की रफ्तार और चेतावनियों को देखते हुए नागरिकों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों में मौसम पूरी तरह मानसूनी रंग में रंगा दिख सकता है।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version