इस साल सर्दी अच्छी तरह सताने वाली है और कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार बन गए हैं
मौसम विभाग के अनुसार 18 से 23 नवंबर के बीच उत्तर व मध्य भारत में सर्द हवाओं का प्रभाव तेज रहेगा। सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा, जबकि दोपहर बाद मौसम साफ रहने की संभावना व्यक्त की गई है। विभाग ने कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट के मद्देनज़र शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।
18 नवंबर को झारखंड के सात जिलों—गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा—में शीतलहर चलने के संकेत स्पष्ट हैं। इनमें से गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे कम रिकॉर्ड तापमान माना जा रहा है।
उधर छत्तीसगढ़ के उत्तरी पहाड़ी एवं पठारी इलाकों में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। जशपुर, अंबिकापुर, बलरामपुर, 6-8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा-मैनपाट, सरगुजा, सामरी, कुसमी, मारवही और बिलासपुर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने का अनुमान है। दिन का तापमान अधिकतर स्थानों पर 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। जशपुर में न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि अंबिकापुर व सरगुजा में तापमान इससे भी एक-दो डिग्री नीचे जा सकता है।
मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और अस्वस्थ लोगों के लिए तापमान में यह अचानक गिरावट अधिक प्रभावित करने वाली हो सकती है।
फिलहाल हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी दिशा में बना हुआ है, जिससे रात और सुबह के तापमान में और गिरावट की संभावना जताई जा रही है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड का यह असर इसी तरह जारी रहेगा।

