रायपुर। सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के प्रमोटर्स के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कंपनी ने छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में अपनी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में कंपनी के निदेशक (ह्यूमन रिसोर्स एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स प्रमुख) डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने छत्तीसगढ़ के माननीय वित्त मंत्री एवं वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री से सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकारात्मक मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान राज्य में औद्योगिक निवेश को गति देने और स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार सृजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य केंद्र में कंपनी के विनिर्माण, वितरण नेटवर्क और भविष्य के निवेश विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय रहे। डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने मंत्रियों के समक्ष कंपनी की आगामी योजनाओं का खाका पेश किया, जिसमें औद्योगिक प्रोत्साहन और निवेश से जुड़ी संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों और उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुपीरियर ग्रुप के इन प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। सरकार की ओर से कंपनी को भविष्य में हर संभव तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग देने का पूर्ण आश्वासन दिया गया है। विशेष रूप से बड़ी संख्या में निवेश और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प के लिए सरकार ने कंपनी प्रबंधन का आभार जताया। इस रणनीतिक मुलाकात के दौरान कंपनी के अकाउंट्स हेड श्री अजय शाह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


