रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के ठाकरे परिसर में ‘सहयोग केंद्र’ एक बार फिर पूरी सक्रियता के साथ शुरू हो रहा है। इस केंद्र के माध्यम से प्रदेश सरकार के मंत्री बारी-बारी से बैठकर कार्यकर्ताओं और आम जनता की समस्याओं को सुनेंगे और उनका मौके पर ही निराकरण करेंगे।
साल भर का था इंतजार
बता दें कि साल 2024 में शुरू हुई यह पहल बीच में बंद हो गई थी, जिसका कार्यकर्ता लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। पिछले साल अक्टूबर में इसे कुछ समय के लिए खोला गया था, जिसमें मात्र दो सप्ताह के भीतर 1000 से ज्यादा आवेदन आए और उनमें से आधे का समाधान भी कर दिया गया था। अब दीपावली के लंबे ब्रेक के बाद इसे फिर से व्यवस्थित रूप से शुरू किया गया है।
आगामी दिनों में होने वाली बैठकों का कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण होने वाला है।
3 फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और प्रदेश महामंत्री डॉ नवीन मार्कण्डेय मौजूद रहेंगे। अगले दिन 4 फरवरी को कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी जन-समस्याएं सुनने पहुंचेंगे। 5 फरवरी को श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन उपस्थित रहेंगे, जबकि 6 फरवरी को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू जनता से सीधे रूबरू होंगे।
इन लगातार बैठकों ने न केवल संगठन के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा है, बल्कि आम जनता को भी अपनी समस्याएं सीधे रखने का सशक्त मंच उपलब्ध कराया है।

