गरियाबंद:
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से शिक्षा व्यवस्था और गुरु-शिष्य की परंपरा को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आ रही है। जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) में पदस्थ दो शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर ही शराब पीते और चखना खाते पाए गए हैं। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में पदस्थ तीन शिक्षक आधिकारिक अवकाश पर हैं, जबकि ड्यूटी पर तैनात दो शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान बच्चों को पढ़ाने के बजाय स्कूल के दफ्तर में बैठकर शराब पार्टी का आनंद ले रहे हैं। इस दौरान स्कूल के कई छात्र-छात्राएं परिसर में बिना किसी पढ़ाई के भटकते नज़र आ रहे हैं। इतना ही नहीं, दोनों शिक्षकों पर निर्धारित ड्रेस कोड का उल्लंघन करते हुए टी-शर्ट और कार्गो जींस पहनकर आने का भी आरोप है, जिससे शिक्षण कार्य और विद्यालय का माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
जिस विद्यालय में बच्चों को अच्छे संस्कार, ज्ञान और अनुशासन की सीख दी जाती है, वहाँ शिक्षकों द्वारा की जा रही इस प्रकार की हरकत से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। यदि विभागीय जांच में ये आरोप पूरी तरह सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल अनुशासनहीनता की श्रेणी में आएगा बल्कि इसे शिक्षा के मंदिर की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य माना जाएगा। फिलहाल इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग जांच और सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।

