अंबिकापुर/उदयपुर: सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रामगढ़ महोत्सव देखकर पैदल अपने घर लौट रहे सात नाबालिग किशोरों को एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में सभी किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक 15 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं, छह अन्य किशोरों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर लौट रहे थे पैदल

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के ग्राम मंहगई श्रीनगर निवासी 15 वर्षीय विकास अगरिया अपने छह अन्य दोस्तों के साथ रामगढ़ महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद, मंगलवार रात करीब 12 बजे सभी दोस्त पैदल ही वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डुमरडीह के समीप अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण कि दूर जा गिरे मासूम

चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी किशोर सड़क पर दूर-दूर जाकर गिरे। हादसे में किसी के सिर पर गंभीर चोट आई, तो किसी का पैर टूट गया और किसी के जबड़े में फ्रैक्चर हुआ है। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।

एक ने तोड़ा दम, छह का इलाज जारी

सूचना मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया। अस्पताल में उपचार के दौरान विकास अगरिया ने दम तोड़ दिया। वहीं, बाकी छह घायलों का इलाज अभी जारी है। विकास की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के संबंध में पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनास्थल के आसपास के ढाबों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बहुत जल्द आरोपी चालक और वाहन की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस भीषण हादसे के बाद से ही पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

Share.

About Us

CG NOW एक भरोसेमंद और निष्पक्ष न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो आपको छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया भर की ताज़ा, सटीक और तथ्य-आधारित खबरें प्रदान करता है। हमारी प्राथमिकता है जनता तक सही और निष्पक्ष जानकारी पहुँचाना, ताकि वे हर पहलू से जागरूक और अपडेटेड रहें।

Contact Us

Syed Sameer Irfan
📞 Phone: 94255 20244
📧 Email: sameerirfan2009@gmail.com
📍 Office Address: 88A, Street 5 Vivekanand Nagar, Bhilai 490023
📧 Email Address: cgnow.in@gmail.com
📞 Phone Number: 94255 20244

© 2025 cgnow.in. Designed by Nimble Technology.

error: Content is protected !!
Exit mobile version