देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को तेज बारिश के बीच बादल फटने की घटना सामने आई, जबकि मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली और आंधी-बारिश ने कई लोगों की जान ले ली।
चमोली में बादल फटा, घरों और दुकानों में घुसा मलबा
उत्तराखंड के चमोली जिले में बादल फटने के बाद भारी मात्रा में मलबा रिहायशी इलाकों में पहुंच गया। कई घरों और दुकानों में मलबा भर गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ। सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां भी मलबे में फंस गईं। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर हालात सामान्य करने में जुटे हैं।
मध्य प्रदेश में 6 और झारखंड में 10 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं देवास में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की बालकनी गिरने से दो महिलाओं की जान चली गई।
झारखंड में भी बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई। वहीं छत्तीसगढ़ में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत की खबर है।
22 राज्यों में पहुंचा मानसून
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अब तक 22 राज्यों में पहुंच चुका है। अनुमान है कि 5 जुलाई तक यह देश के शेष राज्यों को भी कवर कर लेगा।
उत्तर प्रदेश में अब भी मानसून का इंतजार
उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य से करीब 8 दिन देर से पहुंच रहा है। आमतौर पर मानसून 20 जून तक प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार यह करीब 15 दिनों से बिहार सीमा पर रुका हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है।

