रायपुर:
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, रिसॉर्ट्स और कॉटेज की बुकिंग के नाम पर हो रही ऑनलाइन ठगी की शिकायतों के बाद छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों के लिए विशेष सतर्कता एडवाइजरी जारी की है। बोर्ड ने पर्यटकों को साइबर ठगों और अनधिकृत वेबसाइटों से सावधान रहने की सख्त हिदायत दी है।
फर्जी वेबसाइटों से रहें सावधान
छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व बोर्ड के आधिकारिक नाम, प्रतीक चिन्ह (Logo) और पर्यटन स्थलों की तस्वीरों का दुरुपयोग कर फर्जी वेबसाइट्स और सोशल मीडिया पेज संचालित कर रहे हैं। ये तत्व सस्ते दामों पर कमरे, लक्जरी कॉटेज और टूर पैकेज का झांसा देकर पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान करवा रहे हैं।
केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही करें बुकिंग
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में किसी भी पर्यटन आवास, रिसॉर्ट या अन्य सुविधाओं की बुकिंग केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in के माध्यम से ही की जाती है:
पर्यटकों से अपील की गई है कि वे किसी भी सोशल मीडिया लिंक, संदिग्ध मोबाइल नंबर, निजी बैंक खातों या यूपीआई आईडी पर सीधे पैसे ट्रांसफर न करें।वेबसाइट के अलावा पर्यटक सीधे आधिकारिक सूचना केंद्रों से भी संपर्क कर सकते हैं: गढ़ कलेवा परिसर, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड सूचना केंद्र राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित अधिकृत पर्यटन सूचना केंद्र
संदेह होने पर तुरंत करें संपर्क (हेल्पलाइन)
यदि बुकिंग लिंक या भुगतान माध्यम को लेकर कोई भी संदेह हो, तो राशि ट्रांसफर करने से पहले पर्यटन बोर्ड के इन हेल्पलाइन नंबरों पर पुष्टि जरूर करें:
लैंडलाइन: +91-7714224600
टोल-फ्री नंबर: 18001026415



