सूर्यापेट (तेलंगाना): तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 5:20 बजे कोडाड मंडल के दुर्गापुरम स्टेज (द्वारकुंटा) के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार प्राइवेट ट्रैवल बस और ट्रक (कंटेनर) के बीच भीषण टक्कर हो गई।
हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी बस पुलिस के अनुसार, प्राइवेट ट्रैवल्स की यह बस 43 यात्रियों को लेकर हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी। रास्ते में सूर्यापेट के पास बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहत-बचाव कार्य और शिनाख्त की कोशिशें तेज
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत बस से बाहर निकालकर नजदीकी स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।पुलिस ने सभी 6 मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान (शिनाख्त) के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया गहरा दुख हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, सीएम ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए राज्य के मुख्य सचिव और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाए।


