रायपुर: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेल कंपनियों ने 10 किलोग्राम का नया फाइबर कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर लॉन्च कर दिया है। यह सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों से काफी हल्का और पारदर्शी है, जिससे उपभोक्ता बाहर से ही गैस का स्तर देख सकेंगे।
कंपोजिट सिलेंडर की प्रमुख खासियतें और दरें:
फाइबर कंपोजिट तकनीक से निर्मित होने के कारण इसमें जंग नहीं लगती और बची हुई गैस बाहर से ही दिख जाती है। रायपुर में नए कनेक्शन के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट लगभग ₹3,000 तय किया गया है, जबकि इसके रिफिल की कीमत ₹715 से ₹730 के बीच है।
भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) ने इसे भारत गैस लाइट जिप’, इंडियन ऑयल (आईओसीएल) ने ‘इंडेन एक्स्ट्रालाइट’ और एचपीसीएल ने ‘एचपी गैस ओजस’ नाम से पेश किया है। फ्री-ट्रेड एलपीजी कैटेगरी के तहत सरल ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया से कनेक्शन तुरंत मिलेगा। साथ ही बुकिंग के करीब 4 घंटे के भीतर एक्सप्रेस डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।
घरेलू उत्पादन बढ़ाने 21 कंपनियों को लक्ष्य:
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच केंद्र सरकार ने देश की सरकारी व निजी रिफाइनरीज और अपस्ट्रीम कंपनियों के लिए एलपीजी उत्पादन के अधिकतम लक्ष्य निर्धारित किए हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 21 कंपनियों को कुल 63,810 टन प्रतिदिन एलपीजी उत्पादन का टारगेट दिया है। यह कदम देश की दैनिक एलपीजी खपत का लगभग 70% हिस्सा घरेलू स्तर पर ही पूरा करने में सक्षम होगा।


