नाइजीरिया के नाइजर राज्य से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हथियारबंद बदमाशों के एक गिरोह ने सेंट मैरी कैथोलिक स्कूल पर हमला कर 200 से अधिक बच्चों और 12 शिक्षकों का अपहरण कर लिया। यह घटना पापिरी समुदाय के सेंट मैरी स्कूल में हुई, जो अग्वारा स्थानीय प्रशासनिक क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया (CAN) के अनुसार, हमलावरों ने स्कूल में घुसकर कुल 215 छात्रों और बच्चों के साथ 12 शिक्षकों को जबरन उठा लिया। नाइजर राज्य में CAN के प्रवक्ता डेनियल अटोरी ने बताया कि घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि वे मौके का दौरा कर लौटे हैं और अभिभावकों को भरोसा दिलाया है कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियां बच्चों को सुरक्षित वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर कौन थे और बच्चों को किस दिशा में ले जाया गया। नाइजीरिया के उत्तर-मध्य और उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से स्कूलों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। इस ताजा घटना के बाद समुदाय में आक्रोश गहराया है और अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है और जल्द स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश हो रही है।
इससे पहले 25 छात्राओं का भी हुआ था अपहरण
इसी हफ्ते उत्तरी-पश्चिमी नाइजीरिया में एक और गंभीर घटना हुई थी। केब्बी राज्य के मागा स्थित एक बोर्डिंग स्कूल पर तड़के करीब 4 बजे हुए हमले में बंदूकधारियों ने 25 छात्राओं का अपहरण कर लिया था। इस हमले में स्कूल के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया था।नाइजीरिया में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
मौसम अपडेट : 25 नवंबर तक कई राज्यों में भारी बारिश, कई जगह बढ़ेगी सर्दी

