Awarapan 2: बॉलीवुड के इमोशनल और यादगार गानों में शुमार ‘तेरा मेरा रिश्ता’ एक बार फिर चर्चा में है। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ के इस कल्ट सॉन्ग को करीब 19 साल बाद नए अंदाज में रीक्रिएट किया गया है। नए वर्जन ‘तेरा मेरा रिश्ता कंटीन्यू’ को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और यह YouTube पर ट्रेंड कर रहा है।
19 साल बाद फिर सुनाई दी वही दर्द भरी कहानी
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन’ का ‘तेरा मेरा रिश्ता’ अपनी इमोशनल धुन और दर्द भरे बोलों की वजह से आज भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है। ओरिजिनल गाने को मुस्तफा जाहिद ने आवाज दी थी, जबकि इसके नए वर्जन को साज भट्ट और सुबोध शर्मा ने गाया है। गाने के बोल सईद कादरी ने लिखे हैं। वहीं नए वर्जन के म्यूजिक को मिथुन ने तैयार किया है। ओरिजिनल गाने का संगीत प्रीतम और मुस्तफा जाहिद से जुड़ा था।
‘तेरा मेरा रिश्ता कंटीन्यू’ को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
‘आवारापन 2’ के साथ रिलीज किए गए इस नए गाने ने सोशल मीडिया और YouTube पर खूब चर्चा बटोरी है। पुराने गाने से भावनात्मक जुड़ाव रखने वाले फैंस नए वर्जन को सुनकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। गाने में एक बार फिर दर्द और इमोशन को प्रमुखता दी गई है, जिससे पुराने फैंस को ‘आवारापन’ की याद आ रही है।
फिर शिवम पंडित के किरदार में लौटेंगे इमरान हाशमी
‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। फिल्म के टीजर, ट्रेलर और गानों ने रिलीज से पहले ही माहौल बना दिया है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। शबाना आजमी फिल्म में निगेटिव किरदार निभाती दिखाई देंगी।
14 अगस्त को रिलीज होगी ‘आवारापन 2’
‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का मुकाबला सनी देओल की ‘बटवारा 1947’ से होगा। फिल्म को लेकर एडवांस बुकिंग में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की खबर है। अब देखने वाली बात होगी कि 19 साल बाद इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ फ्रेंचाइजी बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ती है और ‘तेरा मेरा रिश्ता कंटीन्यू’ की लोकप्रियता फिल्म को कितनी मदद पहुंचाती है।


