*सीजी न्यू.इन* अंम्बिकापुर (उमेश कुमार प्रजापति) बतौली राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से गुजरने वाले बतौली नगर में पिछले 15 दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे पूरे नगर में अंधेरा छाया हुआ है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। लाखों रुपये की लागत से लगाई गई करीब 60 स्ट्रीट लाइटें विभागीय उदासीनता और ठेकेदार की मनमानी के कारण शोपीस बनकर रह गई हैं।
*लाखों की स्ट्रीट लाइटें बनी शोपीस, 15 दिनों से अंधेरे में बतौली नगर*
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और नगर की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क निर्माण कंपनी टीबीसीएल द्वारा लगभग दो किलोमीटर के दायरे में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इन लाइटों के शुरू होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी सुविधा मिल रही थी, लेकिन बरसात का मौसम शुरू होते ही अधिकांश लाइटें बंद हो गईं। परिणामस्वरूप शाम ढलते ही पूरा नगर अंधेरे में डूब जाता है।
संवेदनशील मार्ग पर बढ़ी चिंता
शांतिपारा से बतौली नगर तक का राष्ट्रीय राजमार्ग-43 क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। इस मार्ग के दोनों ओर रिहायशी इलाके स्थित हैं, जिससे लोगों की आवाजाही दिन-रात बनी रहती है। इसी मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय, थाना और जनपद कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी संस्थान भी स्थित हैं, जहां देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
*NH-43 पर छाया अंधेरा: 60 स्ट्रीट लाइट बंद, हादसों का खतरा बढ़ाबरसात में बुझी नगर की चमक,बतौली में 15 दिनों से बंद पड़ीं स्ट्रीट लाइटें*
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट बंद होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है, वहीं नगर की सुंदरता और पहचान पर भी असर पड़ रहा है।
*विभागीय लापरवाही का खामियाजा:- अंधेरे में डूबा बतौली, सहमे राहगीर स्ट्रीट लाइट बंद, दुर्घटना का डर चालू: बतौली वासियों ने प्रशासन से लगाई गुहार*
प्रशासन से जल्द सुधार की मांग
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी भी संभावित अनहोनी से बचा जा सके।
*इस संबंध में सीतापुर एसडीएम फगेश सिन्हा ने कहा कि मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर जल्द ही स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं सुधार कार्य कराया जाएगा।*

