सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL अपने ग्राहकों के लिए हाई-स्पीड 5G कनेक्टिविटी पेश करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस साल के अंत यानी दिसंबर 2026 तक देश में 5G मोबाइल सेवा शुरू करने की समय-सीमा तय की है। BSNL का मौजूदा 4G इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से ही 5G-रेडी है, जिससे इसे केवल सॉफ्टवेयर अपग्रेड के जरिए आसानी से 5G नेटवर्क में बदला जा सकेगा।
सॉफ्टवेयर अपग्रेड से आसान होगा स्विच
BSNL केरल के मुख्य महाप्रबंधक (CGM) आर. साजी कुमार ने बताया कि कंपनी ने स्वदेशी तकनीक से तैयार 5G नेटवर्क की टेस्टिंग शुरू कर दी है। 5G रोलआउट से पहले मौजूदा 4G नेटवर्क को पूरी तरह स्थिर किया जा रहा है।
जिन यूज़र्स के पास पहले से 5G-रेडी सिम है, उन्हें सिम बदलने की ज़रूरत नहीं होगी। केवल 4G सिम वाले यूज़र्स को ही 5G सिम में अपग्रेड करना होगा। केवल केरल सर्कल में लगभग 7,200 4G मोबाइल टावर हैं, जिन्हें सॉफ्टवेयर अपग्रेड के जरिए 5G में तब्दील किया जाएगा। इसके अलावा देशभर में 4G इकोसिस्टम मजबूत करने के लिए लगाए जा रहे 26,300 नए टावरों का लाभ भी नेटवर्क को मिलेगा।
दूर-दराज के इलाकों में नेटवर्क विस्तार
कनेक्टिविटी को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए BSNL कम सेवा वाले क्षेत्रों में 323 नए टावर और लक्षद्वीप में 37 टावर स्थापित कर रहा है। इसके साथ ही, पीक आवर्स (विशेषकर सुबह 11 से दोपहर 12 बजे) के दौरान भारी नेटवर्क लोड को संभालने के लिए कंपनी ने अपनी IMS क्षमता में भी बढ़ोतरी की है।

