रायपुर, 31 अक्टूबर 2025।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। राज्य के सभी पांच संभागीय मुख्यालयों में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी।
इस निर्णय की घोषणा उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता, अखंडता और मजबूती की नींव रखी थी। उनके आदर्शों और योगदान को याद करते हुए प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है ताकि नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा मिल सके।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। उनकी प्रतिमाएं प्रदेश के हर संभाग में स्थापित होने से एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।
सरकार जल्द ही इन प्रतिमाओं के डिजाइन और निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ करेगी। राज्य के सभी संभागीय मुख्यालय — रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा और बस्तर — में इन प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।

