रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों का तबादला किया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार गरियाबंद और कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। माना जा रहा है कि कांकेर जिले के आमबेड़ा क्षेत्र में हुई हालिया हिंसक घटना के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जारी आदेश के तहत कांकेर की पुलिस अधीक्षक आईपीएस इंदिरा कल्याण एलेसेला को नई जिम्मेदारी देते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, उत्तरी रेंज सरगुजा नियुक्त किया गया है। वहीं गरियाबंद एसपी आईपीएस निखिल अशोक कुमार रखेचा को कांकेर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा पर्यटन विभाग में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत आईपीएस वेदव्रत सिरमौर को उनकी सेवाएं वापस लेते हुए गरियाबंद जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस फैसले को कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।



