छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के प्रशासनिक और विधायी कामकाज को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए विभिन्न निगमों, मंडलों, आयोगों, बोर्डों और समितियों में नई नियुक्तियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस फेरबदल के तहत राज्य की कई बड़ी संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के खाली पदों को भर दिया गया है। जारी सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद की कमान न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर निवासी श्री गौरीशंकर श्रीवास को सौंपी गई है, जबकि राजनांदगांव के श्री देवशरण सेन को इस बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही तेलीबांधा, रायपुर की रहने वाली डॉ. श्रीमती ममता साहू को राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद की अहम जिम्मेदारी दी गई है।
सरकारी स्कूलों में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की ‘ऑनलाइन उपस्थिति’ पर सख्ती, VSK App का उपयोग अनिवार्य
सूची में सामाजिक कल्याण से जुड़े आयोगों और बोर्डों में भी बड़े नामों को शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग में महासमुंद के श्री रामलाल चौहान को अध्यक्ष तथा बलौदाबाजार के श्री वेदराम मनहरे को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि इसी आयोग में दुर्ग के श्री सौरभ सिंह जागृत और बलौदाबाजार के श्री दुर्गा महेश्वर को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड में बेमेतरा के श्री दयावंत धर बांधे को अध्यक्ष, रायपुर के श्री आनंद निषाद को उपाध्यक्ष और दुर्ग के श्री नेतराम निषाद को सदस्य मनोनीत किया गया है। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल, रायपुर के अध्यक्ष पद का दायित्व रायपुर के श्री राजेश कुमार राजपूत संभालेंगे और सदर बाजार, रायपुर की श्रीमती सुमन मुथा इसकी सदस्य होंगी। शाकंभरी बोर्ड के अध्यक्ष पद की कमान रायपुर के श्री राजेन्द्र नायक को दी गई है, जबकि जांजगीर-चांपा के श्री बसंत पटेल, सक्ती के श्री प्रेमलाल पटेल, कबीरधाम के श्री संतोष पटेल और बलौदाबाजार के श्री प्रेम पटेल को सदस्य नियुक्त किया गया है।
शिक्षा, बाल अधिकार और विकास से जुड़ी संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष पद की बड़ी जिम्मेदारी दुर्ग के श्री सुधीर गौतम को सौंपी गई है। वहीं, जांजगीर के श्री मनमथ नाथ शर्मा को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में सदस्य तथा पुरानी बस्ती, रायपुर की श्रीमती प्रसन्ना अवस्थी को छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम में सदस्य मनोनीत किया गया है। रायपुर विकास प्राधिकरण (आर.डी.ए.), रायपुर के उपाध्यक्ष पद का दायित्व डॉ. जे.पी. शर्मा को मिला है, जबकि छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल में रायपुर के श्री किशोर महानंद को उपाध्यक्ष पद की कमान दी गई है। गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष पद के लिए बेमेतरा के श्री आनंद कुमार तिवारी और श्री राजीव लोचन दास महाराज को चुना गया है। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग में राजनांदगांव के श्री मंगल दास ठाकुर को उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार द्वारा किए गए इन मनोनयन के बाद जल्द ही सभी पदाधिकारी अपना कार्यभार संभालेंगे।
धान खरीदी का नवीन पंजीयन शुरू: 31 अक्टूबर तक का मौका




