जशपुर । जशपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक यू. डी. मिंज ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में लगभग 9.5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया है।
मिंज ने कहा कि इस मामले में भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार (Vinayak Tamrakar) का नाम सामने आना यह साबित करता है कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में नशे का कारोबार पनप रहा है। यदि सत्ताधारी दल से जुड़े लोग ही इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल पाए जाते हैं तो यह सरकार की नीयत और प्रशासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की सरकार प्रदेश को नशामुक्त बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा से जुड़े नेताओं के खेतों में अफीम की खेती पकड़ी जा रही है और सरकार गाँव-गाँव में नई शराब दुकानें खोलने का निर्णय ले रही है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
यू. डी. मिंज ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में असफल भाजपा सरकार अब प्रदेश को नशे की गिरफ्त में धकेलने का काम कर रही है। यह केवल एक आपराधिक मामला नहीं बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
उन्होंने मांग की कि दुर्ग जिले के समोदा में अवैध अफीम खेती के पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए और चाहे वह कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
मिंज ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी बहुल और सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील प्रदेश में इस तरह की नीतियां समाज के लिए घातक साबित होंगी। कांग्रेस पार्टी इस फैसले का कड़ा विरोध करती है और सरकार से मांग करती है कि नई शराब दुकानों को खोलने का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए।
उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में महंगाई अपने चरम पर है। घरेलू गैस सिलेंडर में ₹60 तथा कॉमर्शियल सिलेंडर में ₹445 की बढ़ोतरी कर आम जनता की कमर तोड़ दी गई है।
यू. डी. मिंज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है कि गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए और यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।

