जशपुर/बगिया, 21 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का 62वां जन्मदिवस आज उनके गृहग्राम बगिया में बेहद आत्मीय और पारिवारिक वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अपने गांव पहुँचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। दिनभर चले इस कार्यक्रम में उन्हें बधाई देने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यही स्नेह उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री के निवास ‘श्री राम सदन’ में सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने सपरिवार शामिल होकर ईश्वर से प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बगिया में सुबह से ही भारी उत्साह देखा गया। विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत सहित जिले के आला अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनसे भेंट कर उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। जन्मदिवस के इस उल्लास के बीच मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना नहीं भुला। उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में जिले का नाम रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की छात्राओं को 15 क्रिकेट किट प्रदान की। राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकीं इन छात्राओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें इसी मेहनत और अनुशासन के साथ राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के लोग रहे, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुँचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का हाल जाना। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दोहराया कि उनकी सरकार विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस गरिमामयी समारोह में कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


