रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज प्रदेश के सभी कमिश्नरों, आईजी और जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की वर्तमान स्थिति का जायजा लेना था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदेश में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, इसलिए आम जनता को किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति या व्यापारी वर्तमान परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाकर पेट्रोल, डीजल या गैस जैसे आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या अवैध भंडारण करता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू रूप से चलती रहे।
आधार बना और भी ‘स्मार्ट’ और सुरक्षित: अब फिंगरप्रिंट के साथ चेहरे से भी होगा प्रमाणीकरण; तकनीकी खराबी आने पर भी नहीं रुकेंगे सरकारी लाभ
इस उच्च स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य सचिव श्री विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम शामिल थे। इनके साथ ही कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार, ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले और उद्योग सचिव श्री रजत कुमार ने भी चर्चा में भाग लिया।
बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल जैसी प्रमुख तेल कंपनियों के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री को आपूर्ति की निरंतरता का भरोसा दिलाया।
बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर बड़ा फैसला: अब वजन के आधार पर तय होगा शुल्क, NOC प्रक्रिया होगी सरल


