जशपुर, 27 अक्टूबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने सोमवार को छठ महापर्व के पावन अवसर पर जशपुर जिले के दुलदुला छठ घाट पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह से ही उन्हें जनसेवा का अवसर प्राप्त हुआ है और वे प्रदेश के विकास तथा जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए सतत प्रयासरत हैं।
मुख्यमंत्री ने दुलदुला क्षेत्रवासियोंक्षेत्रवासियों की मांग पर छठ घाट के सौन्दर्यीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी छठ पर्व तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुनकुरी छठ घाट का सौन्दर्यीकरण लगभग ₹5 करोड़ 17 लाख की लागत से किया गया है, जहां इस वर्ष व्रती महिलाओं ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत दुलदुला अध्यक्ष रामकुमार सिंह, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

