हापुड़, उत्तर प्रदेश — जिले के थाना देहात क्षेत्र के गांव गोंदी में आयोजित एक सगाई समारोह में भोजन को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने शादी से पहले ही आपसी सहमति से रिश्ता तोड़ दिया। मामला रविवार शाम का है, जब लड़के और लड़की पक्ष के बीच मटन बिरयानी और मछली फ्राई न मिलने पर कहासुनी हो गई।
लड़की पक्ष के अनुसार, गांव अठसैनी निवासी लड़के की बारात 17 अक्तूबर को गांव गोंदी आनी थी। उससे पहले रविवार को सगाई और लाल खत की रस्म रखी गई थी, जिसमें लड़के पक्ष के लगभग 40 लोग शामिल हुए थे। समारोह के दौरान जब उन्हें मटन बिरयानी और मछली फ्राई नहीं परोसी गई, तो उन्होंने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो आगे चलकर विवाद में बदल गई।
विवाद की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष ने इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
लड़की पक्ष का यह भी आरोप है कि लड़के वाले सगाई में कार की मांग कर रहे थे, जबकि वे बुलेट मोटरसाइकिल देने को तैयार थे। लड़के पक्ष की इन मांगों ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रखा था।विवाद के बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्ता तोड़ने का फैसला किया। हालांकि रविवार देर रात दोनों पक्षों में समझौता हो गया और मामला शांतिपूर्वक निपट गया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया है और पुलिस को किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है।

