बिलासपुर: चकरभाठा थाना क्षेत्र से अगवा की गई 12 वर्ष 4 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया है और वारदात को अंजाम देने वाले 22 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मामले के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने चकरभाठा थाने में अपनी नाबालिग बेटी के अचानक लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। बच्ची की कम उम्र और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की।
विवेचना और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदेही राकेश जांगड़े (22 वर्ष), निवासी डीगोरा चरोटी (थाना पथरिया, जिला मुंगेली) के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके चंगुल से नाबालिग बच्ची को सकुशल मुक्त कराया। पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ ज्यादती की।
पुलिस ने आरोपी राकेश जांगड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2)(एम) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वैधानिक औपचारिकताओं और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बच्ची को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, वहीं आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

