बिलासपुर: बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट (चकरभाठा) से कोलकाता के बीच सीधी हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। एलायंस एयर द्वारा संचालित बिलासपुर-कोलकाता सीधी विमान सेवा के बंद होने से हवाई यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। महानगर से सीधा संपर्क कटने के कारण व्यापार, चिकित्सा और उच्च शिक्षा के लिए नियमित यात्रा करने वाले लोगों में भारी निराशा देखी जा रही है।
दरअसल, एयरलाइन प्रबंधन ने अप्रैल महीने में इस विमान सेवा के संचालन समय में फेरबदल करते हुए इसे अंबिकापुर (दरिमा एयरपोर्ट) से जोड़ दिया था। रूट में बदलाव के बाद से ही बिलासपुर और कोलकाता के बीच सीधी कनेक्टिविटी बुरी तरह प्रभावित हो गई। सीधे सफर के बजाय अन्य शहरों के रास्ते संचालन होने से यात्रा समय और जटिलता बढ़ गई, जिसका सीधा असर नियमित यात्रियों पर पड़ा है।
सीधी उड़ान बंद होने के बाद बिलासपुर की संपूर्ण एयर कनेक्टिविटी के भविष्य को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। न्यायधानी के नागरिकों, व्यापारिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सीधी फ्लाइट सेवा को पूर्ववत बहाल करने की मांग तेज कर दी है। लोगों का कहना है कि लंबे संघर्ष के बाद बिलासपुर को महानगरों से जोड़ने वाली हवाई सेवाएं मिली थीं, लेकिन मनमाने शेड्यूल बदलाव से कनेक्टिविटी मजबूत होने के बजाय कमजोर हो रही है।

