जशपुरनगर।
संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सत्र में डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने विद्यार्थियों को विश्व की आर्थिक व्यवस्था, मौद्रिक प्रणाली तथा आधुनिक तकनीक के विकास की जानकारी दी। इस सत्र में कहानियों और उदाहरणों का भी समावेश रहा।
सत्र के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मुद्रा पर नागरिकों के विश्वास , मुद्रा और स्वर्ण के ऐतिहासिक संबंध, भारत में ब्रिटिश शासनकाल की आर्थिक व्यवस्था, सोने के महत्व तथा उसके मापदंडों की मौद्रिक प्रणाली से संबंध की जानकारी दी । उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्रांति ने अमेरिका सहित विश्व की अर्थव्यवस्था को किस प्रकार नई दिशा दी और द्वितीय विश्व युद्ध के बाद ब्रेटन वुड्स समझौते के माध्यम से वैश्विक मौद्रिक व्यवस्था की स्थापना की गई। साथ ही उन्होंने वैश्विक वित्तीय स्थिरता के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक की स्थापना तथा पेट्रोडॉलर प्रणाली के कॉन्सेप्ट को भी सरल भाषा में समझाया।
डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने आगे , समय के साथ अमेरिका में तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के द्वारा डॉलर और सोने के बीच के संबंध को समाप्त करने के साथ वैश्विक मुद्रा प्रणाली में आए महत्वपूर्ण परिवर्तन के विषय में भी बताया । उन्होंने विद्यार्थियों को शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट, ब्लॉकचेन तकनीक, इंटरनेट के विकास, डेटा सेंटर, एनवीडिया ग्राफिक्स कार्ड तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों का भी परिचय कराया और इनके भविष्य में बढ़ते महत्व पर चर्चा की।
उन्होंने मेहनत और मूल्य सृजन का उदाहरण देते हुए कहा कि धावक और मजदूर दोनों ही शारीरिक परिश्रम करते हैं, लेकिन दोनों को मिलने वाला प्रतिफल अलग होता है। इसका कारण केवल मेहनत नहीं, बल्कि कौशल, रणनीति, नवाचार और समाज के लिए उत्पन्न मूल्य होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप स्वयं को नई तकनीकों और ज्ञान से जोड़ने का संदेश दिया।
इस प्रेरणादायक सत्र के लिए संकल्प शिक्षण संस्थान के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा का आभार व्यक्त किया। सत्र में संस्थान के शिक्षक अवनीश पांडेय और दीपक ग्वाला सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

