बॉलीवुड के कपूर परिवार में आज खुशियों का माहौल है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर आज (6 जुलाई) अपने लॉन्ग-टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। दोनों की शादी मुंबई के प्रतिष्ठित ताज लैंड्स एंड होटल में आयोजित होगी, जहां परिवार और बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
एक ही दिन में पूरी होंगी शादी की सभी रस्में
बोनी कपूर ने बताया कि यह शादी वन-डे वेडिंग होगी। यानी हल्दी, फेरे और अन्य जरूरी रस्में एक ही दिन में पूरी की जाएंगी। शादी के बाद मेहमानों के लिए भव्य कॉकटेल पार्टी का भी आयोजन रखा गया है। समारोह के लिए मेहमानों का ड्रेस कोड मॉडर्न इंडियन रखा गया है।
बॉलीवुड सितारों से सजेगी महफिल
शादी में कपूर परिवार के सदस्य अर्जुन कपूर, जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर, सोनम कपूर, रिया कपूर और हर्षवर्धन कपूर समेत कई करीबी रिश्तेदार और फिल्मी सितारे शामिल होंगे। समारोह को निजी रखा गया है, हालांकि इसकी चर्चा पहले से ही सोशल मीडिया पर हो रही है।
डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी लव स्टोरी
अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की पहली मुलाकात साल 2022 में एक डेटिंग ऐप पर हुई थी। देर रात शुरू हुई बातचीत दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए शादी का फैसला लिया।
न्यूयॉर्क में किया था प्रपोज
जुलाई 2025 में रोहन ठक्कर ने न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में एक खूबसूरत लोकेशन पर अंशुला को शादी के लिए प्रपोज किया था। खास बात यह थी कि उन्होंने उसी समय प्रपोज किया, जब तीन साल पहले दोनों की पहली बातचीत शुरू हुई थी। अंशुला ने उस पल को अपनी जिंदगी का सबसे यादगार और जादुई लम्हा बताया था।
कौन हैं रोहन ठक्कर?
रोहन ठक्कर धर्माटिक एंटरटेनमेंट (धर्मा प्रोडक्शंस का डिजिटल विंग) में राइटर हैं। उन्होंने FLAME University से एडवरटाइजिंग और मार्केटिंग की पढ़ाई की और बाद में New York Film Academy से स्क्रीनप्ले राइटिंग का प्रशिक्षण लिया। वे कई शॉर्ट फिल्मों की कहानी भी लिख चुके हैं और मूल रूप से गुजरात से हैं।

