‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ फिल्म की रिलीज को लेकर सलमान खान और फिल्म निर्माताओं के बीच कानूनी विवाद अब दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। हाई कोर्ट ने फिल्म के निर्माता की याचिका पर अभिनेता सलमान खान से जवाब मांगा है।
निर्माताओं ने उठाया दो मुकदमों का मुद्दा
दिल्ली हाई कोर्ट में निर्माताओं की ओर से दलील दी गई कि इसी फिल्म और सलमान खान के व्यक्तित्व अधिकारों से जुड़े विवाद पर पहले से एक मामला अदालत में लंबित है। ऐसे में एक ही मुद्दे से संबंधित दो अलग-अलग मुकदमे चलाना उचित नहीं है।
न्यायमूर्ति अनूप जयराम भंभानी ने निर्माताओं की ओर से दायर आवेदन पर सलमान खान को नोटिस जारी किया है।
फिल्म की रिलीज पर रोक चाहते हैं सलमान
सलमान खान ने कथित तौर पर अपने व्यक्तित्व अधिकारों के उल्लंघन का हवाला देते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। निर्माताओं का कहना है कि मौजूदा मुकदमे में फिल्म, उसके टीजर और प्रचार सामग्री की रिलीज व प्रदर्शन पर रोक जैसी राहत मांगी गई है, जबकि इसी तरह की मांग पहले की कानूनी कार्यवाही में भी की जा चुकी है।
याचिका के अनुसार, सलमान खान ने इससे पहले भी अपने व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा को लेकर मुकदमा दायर किया था। इस मामले में 11 दिसंबर 2025 को अदालत ने एकतरफा अंतरिम स्थगन आदेश जारी किया था।
टीजर और पोस्ट हटाने का भी आदेश
इस मामले में इससे पहले अदालत की ओर से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से फिल्म का टीजर और उससे संबंधित कुछ पोस्ट हटाने का अंतरिम आदेश भी दिया गया था। इसके बाद फिल्म की रिलीज को लेकर विवाद और बढ़ गया।
फिल्म निर्माताओं का कहना है कि ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लीगल’ अभी रिलीज के लिए तैयार नहीं है। निर्माताओं के मुताबिक फिल्म को अभी सेंसर बोर्ड से प्रमाणपत्र मिलना बाकी है और इसका आधिकारिक ट्रेलर भी जारी नहीं किया गया है।
अब दिल्ली हाई कोर्ट के नोटिस के बाद सलमान खान का जवाब इस मामले में अहम माना जा रहा है। आगे की सुनवाई में अदालत यह तय करेगी कि मौजूदा याचिका और पहले से लंबित मामले को किस तरह आगे बढ़ाया जाए।

