जशपुर: छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ रविवार को जशपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हुआ। 26 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विधायक रायमुनी भगत ने ध्वजारोहण कर किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने ध्वजारोहण कर और विभिन्न संभागों से आई टीमों की मार्च पास्ट सलामी लेकर किया। अपने संबोधन में विधायक ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
राज्य की जेलों में 11 साल बाद होगी 100 जेल प्रहरियों की भर्ती, CGPSC के माध्यम से जल्द शुरू होगी प्रक्रिया
5 संभागों से 240 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग से कुल 240 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 160 बालक और 80 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए 35 से अधिक कोच एवं मैनेजर भी जशपुर पहुँचे हैं।
सरकारी नौकरी का मौका! Railway Sports Quota के तहत 56 पदों पर निकली भर्ती, जानें पूरी डिटेल
लगातार दूसरे वर्ष मेजबानी का गौरव
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने कहा कि जशपुर के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि लगातार दूसरे वर्ष राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे पूर्व 25वीं प्रतियोगिता का भी सफल आयोजन यहीं किया गया था। उन्होंने बताया कि जशपुर में निर्मित आधुनिक एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान से स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे जिले में हॉकी को एक नई पहचान मिल रही है।
उद्घाटन समारोह में नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यशप्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली बच्चे और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


