मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी और खराब मौसम को देखते हुए मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। मध्य प्रदेश के सतना जिले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस. ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 25 और 26 सितंबर को नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूलों में दो दिवसीय अवकाश का आदेश जारी किया है। यह आदेश शासकीय, अशासकीय, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय, सीबीएसई और आईसीएसई सहित जिले के सभी मान्यता प्राप्त संस्थानों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बने गहरे अवदाब (Deep Depression) के उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने से मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। सतना में 25 और 26 सितंबर को तापमान में गिरावट के साथ भारी बारिश का अलर्ट दर्ज किया गया है, जिसके चलते प्रशासन ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी के इस वेदर सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में भी मूसलाधार बारिश जारी है। हालात को देखते हुए बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों में 25 सितंबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
बीजापुर में प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। इस अवकाश के कारण 25 सितंबर को आयोजित होने वाली त्रैमासिक परीक्षाओं की तिथियों में भी बदलाव किया गया है। अब मिडिल स्तर की 25 सितंबर की परीक्षा 28 सितंबर 2026 को और हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी की त्रैमासिक परीक्षा 1 अक्टूबर 2026 को पूर्व निर्धारित समय पर आयोजित की जाएगी।

