जशपुर, 29 सितम्बर 2025।
जशपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी मनोज कुमार पांडे (उम्र 44 वर्ष, निवासी बराकाला रघुराज नगर, सतना, मध्यप्रदेश) को भोपाल के आनंदनगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 19 अगस्त 2025 को थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव में शिकायत दर्ज कराई थी। वर्ष 2024 में वह कुनकुरी में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थी, वहीं उसकी जान-पहचान आरोपी मनोज से हुई थी। मनोज ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हुई और आरोपी ने मंदिर में सिंदूर भरकर विवाह का दिखावा किया।
जनवरी 2025 में आरोपी ने कुनकुरी की नौकरी छोड़ राजनांदगांव शिफ्ट कर लिया, जहां पीड़िता उसके साथ रहने लगी। 19 अप्रैल 2025 को पीड़िता ने राजनांदगांव के शासकीय अस्पताल में एक पुत्री को जन्म दिया। अस्पताल के दस्तावेज़ों में पति के नाम पर आरोपी मनोज ने ही हस्ताक्षर किए थे। हालांकि, 8 मई 2025 को आरोपी पीड़िता और बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। बाद में पता चला कि मनोज पहले से ही शादीशुदा है।
पीड़िता की रिपोर्ट पर राजनांदगांव पुलिस ने जीरो में अपराध दर्ज कर मामला जशपुर स्थानांतरित कर दिया था। जांच अजाक थाना जशपुर को सौंपी गई। विवेचना के दौरान आरोपी की तलाश लगातार जारी रही और तकनीकी टीम की मदद से जानकारी मिली कि वह भोपाल में छिपा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम भोपाल रवाना हुई और आनंदनगर से आरोपी को पकड़ लाई। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक मार्टिन खलखो, आरक्षक राजेश निराला और संदीप साय की अहम भूमिका रही।
..
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “जशपुर पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर बेहद संवेदनशील है। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।”

