जशपुर/कुनकुरी |
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों में जशपुर जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिले के पांच होनहार छात्रों ने राज्य की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में स्थान पक्का कर जिले को गौरवान्वित किया है।इस गौरवशाली उपलब्धि पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक यू.डी. मिंज ने खुशी जाहिर करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी है।
इस वर्ष के परीक्षा परिणामों में खास बात यह रही कि मेरिट सूची में जशपुर की बेटियों का दबदबा रहा। आयुषी सिन्हा (98.17%), आशा यादव (97.40%), करीना सिंह (97.20%) और आर्या पैंकरा (96.80%) ने अपनी मेधा से प्रदेश स्तर पर पहचान बनाई, वहीं भूपेश यादव (97.50%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। जशपुर जिले का कुल परिणाम 10वीं में 93.29 प्रतिशत और 12वीं में 93.32 प्रतिशत रहा, जो जिले में शिक्षा के बढ़ते स्तर को दर्शाता है।
मेहनत और संकल्प की जीत: यू.डी. मिंज
पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष यू.डी. मिंज ने अपने बधाई संदेश में कहा कि वनांचल के बच्चों ने सीमित संसाधनों के बावजूद जो सफलता हासिल की है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा, “जशपुर के इन चमकते सितारों ने यह साबित कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो कोई भी बाधा राह नहीं रोक सकती। विशेष रूप से हमारी बेटियों का प्रदर्शन महिला सशक्तिकरण की एक जीती-जागती मिसाल है।” श्री मिंज ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों स्कूलों के बेहतर प्रदर्शन को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
श्री मिंज ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि जो छात्र इस बार सफल नहीं हो सके हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि वे इस अनुभव से सीख लेकर नए सिरे से भविष्य की तैयारी करें। जिले भर में इस बड़ी सफलता के बाद जश्न का माहौल है और लोग इन होनहारों की उपलब्धि की सराहना कर रहे हैं।


