रायपुर :
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी पहल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के संकल्प को साकार करने की दिशा में जशपुर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में जशपुर में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस (MBBS) सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप यहां मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नेचुरोपैथी कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे जिले के युवाओं को उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने की तैयारियों का जायजा लेने और वैकल्पिक व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने के लिए 5 जून को रायपुर और अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज की एक विशेषज्ञ टीम जशपुर पहुंची। इस टीम ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए जिला चिकित्सालय जशपुर और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए झारगांव स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने उपलब्ध अधोसंरचना, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और अस्पताल की सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया और निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस मेडिकल कॉलेज के संचालन से जशपुर सहित आसपास के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा, जिससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता बेहद कम हो जाएगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलने से क्षेत्र के युवाओं को अपने ही गृह जिले में डॉक्टर बनने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दल में डॉ. राजेश श्रीवास्तव, डॉ. अभिजीत कुमार दीवान, डॉ. आभा एक्का, प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज जशपुर के डीन डॉ. एस.पी. कुजूर तथा नवनियुक्त मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. बी.आर. सिदार शामिल थे। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा और सिविल सर्जन डॉ. के.डी. कश्यप सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह मेडिकल कॉलेज जशपुर जिले के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।


