रायपुर।
छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावशाली पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के उत्कृष्ट और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए उद्यानिकी एवं कृषि विभाग को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 18–19 जनवरी 2026 को आयोजित 13वें नेशनल रिव्यू कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देशभर के राज्यों की योजनाओं की समीक्षा के बाद छत्तीसगढ़ को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार उद्यानिकी विभाग की ओर से प्रभारी संयुक्त संचालक श्री नीरज शाहा ने प्राप्त किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार की कृषि नीतियों और किसानों के हित में किए गए प्रयासों की सराहना की गई।
राज्य को मिली इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री ने कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुँचाने का प्रमाण है।
यह पुरस्कार न केवल विभागीय कार्यकुशलता को दर्शाता है बल्कि छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए भी गर्व का विषय है। इससे राज्य की कृषि व्यवस्था और किसान केंद्रित योजनाओं को नई पहचान मिली है।

